BREAKING

इटावा: इटावा पुलिस ने रचा इतिहास, हॉकी में महिला-पुरुष दोनों वर्गों में जीता खिताब

 M.s verma

इटावा पुलिस ने रचा इतिहास, हॉकी में महिला-पुरुष दोनों वर्गों में जीता खिताब

इटावा। महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कानपुर जोन की 28वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का बुधवार शाम समापन हुआ। इटावा पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष दोनों वर्गों में विजेता का खिताब अपने नाम किया।

महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में इटावा पुलिस ने जालौन को 2-1 गोल से हराया, जबकि पुरुष वर्ग में इटावा ने कानपुर नगर को रोमांचक मुकाबले में 3-2 गोल से शिकस्त दी। दोनों वर्गों में जीत के बाद इटावा पुलिस के खिलाड़ियों और अधिकारियों में उत्साह का माहौल रहा।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ रहीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। एडीजी ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

नौ जनपदों की टीमों ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में कानपुर जोन के नौ जनपदों—इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहगढ़, कन्नौज, जालौन, झांसी और ललितपुर—की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे आयोजन के दौरान खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

महिला फाइनल में इटावा की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए जालौन को 2-1 से पराजित किया और चल वैजयन्ती अपने नाम की। वहीं पुरुष फाइनल में इटावा पुलिस ने कानपुर नगर को 3-2 से हराकर खिताब पर कब्जा किया।

नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण से मिली सफलता

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इटावा पुलिस की दोनों टीमों की सफलता में नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास की अहम भूमिका रही। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया गया। पीटीआई जयवीर और अमोल सिंह ने भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समापन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों के खिलाड़ी और निर्णायक भी समारोह में उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post